जिलाधिकारी ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा गुणवत्ता पर दिया जोर
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को पीएम श्री कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय, देवरिया का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के समय विद्यालय परिसर में पॉलिटेक्निक फार्मेसी की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन की व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए। साथ ही छात्राओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा प्रणाली को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य शांति राय सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR