मंडल रेल प्रबंधक ने आरपीएफ कार्यालय का निरीक्षण किया, नवीन कैंटीन का शुभारंभ
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों के लिए नव स्थापित कैंटीन का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया।
कैंटीन का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विधिवत पूजन कर तथा प्रभारी निरीक्षक अंजू लता द्विवेदी से फीता कटवाकर किया गया। इस पहल का उद्देश्य आरपीएफ कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सुलभ दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना तथा उनके कार्यस्थल पर सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कैंटीन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान दिन-रात यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरपीएफ कमांडेंट कार्यालय, परिसर, विभिन्न शाखाओं के कार्य कक्षों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। साथ ही अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, सहायक परिचालन प्रबंधक एस.के. राय, सहायक नगर इंजीनियर ए.के. पाण्डेय सहित आरपीएफ जवान एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर:अतुल उपाध्याय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR