जीजा ने गोली मारकर अपनी सगी साली की कर दी हत्या

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों। 

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक ऐसी घटना सामने आयी है जहां एक  जीजा ने गोली मारकर अपनी सगी साली की हत्या कर दी। और स्वयं को भी गोली मारकर जान दे दी। यह घटना उस समय घटी जब जीजा बुधवार सुबह बाइक से बिहार से ससुराल पहुंचा था। जीजा ने  साली को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया, कमरा अंदर से बंद किया और साली की कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर कर दिया। इसके बाद वह स्वयं की कनपटी पर गोली मार ली।

गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। थोड़ी देर में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। कुशीनगर की यह घटना जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर तमकुहीराज थाना क्षेत्र की है। 

परिजनों ने बताया कि शंभू प्रजापति तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने 9 महीने पहले अपनी बड़ी बेटी की शादी महज 15 किलोमीटर की दूरी पर बिहार के गोपालगंज जिले के धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति से की थी।  जितेंद्र बुधवार सुबह 7 बजे अकेले बाइक से ससुराल आया। दामाद के पहुंचते ही परिजनों ने उसका स्वागत किया। नाश्ता-पानी करने के बाद सुबह करीब 8 बजे उसने साली नैना कुमारी को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया और अंदर से कुंडी लगा ली। 

कुछ देर बाद उसने साली की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग दौड़कर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। तभी एक और गोली की आवाज सुनाई दी। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों के शव फर्श पर पड़े थे। सिर लहूलुहान थे और पूरे कमरे में खून फैला हुआ था।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाले

सूचना मिलते ही एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा और सीओ जयंत यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य भी जुटाए।

सीओ जयंत यादव ने बताया एक युवक ने अपनी साली की हत्याकर खुद सुसाइड कर लिया। मौके से तमंचा बरामद किया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ