ईवीएम गोदाम का डीएम ने किया निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्मिक हुए सम्मानित

 ईवीएम गोदाम का डीएम ने किया निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्मिक हुए सम्मानित

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो

कुशीनगर । कुशीनगर में निर्वाचन व्यवस्थाओं की सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सीलिंग प्रक्रिया एवं अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग, प्रवेश-निकास नियंत्रण तथा सील एवं लॉक की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि ईवीएम गोदाम की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए तथा सीसीटीवी प्रणाली को लगातार सक्रिय रखा जाए। उन्होंने सीलिंग प्रक्रिया एवं अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों एवं वीआरसी ऑपरेटरों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचन अधिकारी मु0 जफर सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ