अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत

 अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जखीरा चौकी अंतर्गत ग्राम बारीगांव में साइकिल से जा रहे व्यक्ति को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रामधनी गुप्ता (60) पुत्र स्वर्गीय मूरत निवासी बारीगांव बिल्लर टोला थाना घुघली सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे मुख्य सड़क पर साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ