बस की टक्कर से ग्राम न्यायालय के पेशकार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


बस की टक्कर से ग्राम न्यायालय के पेशकार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। सिंदुरिया क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी तथा निचलौल तहसील के ग्राम न्यायालय में तैनात पेशकार मानवेंद्र मिश्रा (50) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मानवेंद्र मिश्रा पुत्र कैलाश मिश्रा बुधवार सुबह करीब 9 बजे बस स्टेशन परिसर में किसी कार्य से खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मानवेंद्र मिश्रा ग्राम न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत थे और अपने शांत एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं न्यायालय कर्मियों और क्षेत्रीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है तथा बस और चालक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ