मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर देवरिया को मिलेगी 655.45 करोड़ की विकास सौगात
देवरिया-कसया एवं देवरिया-हाटा मार्ग के चौड़ीकरण सहित 19 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण एवं शिलान्यास
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
देवरिया। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में 22 मई 2026 को आगमन प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री जनपदवासियों को 655.45 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा कुल 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 116.54 करोड़ रुपये लागत की 08 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
प्रमुख परियोजनाओं में 292 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया-कसया मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा 74 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया-हाटा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी तथा लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इन विकास योजनाओं से जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, वाहन खड़ा करने की व्यवस्था, यातायात संचालन, मंच, तंबू, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा प्रत्येक तैयारी समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR