गोरखपुर-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य शुरू, कई ट्रेनें निरस्त व मार्ग परिवर्तित
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा गोरखपुर कैण्ट-पनियहवा रेल खंड पर परिचालनिक सुगमता और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से उनौला-पिपराइच स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत 30 मई 2026 तक प्री नॉन-इंटरलॉकिंग, 31 मई से 5 जून 2026 तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा 6 जून से 8 जून 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 8 जून 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण भी प्रस्तावित है।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस कार्य के चलते कई सवारी, विशेष, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि अनेक ट्रेनों का मार्ग बदला गया है तथा कुछ ट्रेनों को पुनर्निर्धारित एवं नियंत्रित कर चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे के अनुसार नरकटियागंज-गोरखपुर कैण्ट, गोरखपुर कैण्ट-नरकटियागंज, थावे-नकहा जंगल तथा बढ़नी रूट की कई सवारी गाड़ियां 19 मई से 9 जून 2026 तक विभिन्न तिथियों में निरस्त रहेंगी। इससे दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा लालकुंआ-कोलकाता, कोलकाता-लालकुंआ, दिल्ली-मोतिहारी, सीतामढ़ी-दिल्ली, गांधीधाम-भागलपुर, पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार, उधना-जयनगर, सहरसा-आनंद विहार सहित कई विशेष ट्रेनों को भी निरस्त कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया है। राधिकापुर-आनंद विहार एक्सप्रेस, कटिहार-दिल्ली एक्सप्रेस, गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस, देहरादून-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस, प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस सहित अनेक ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।
मार्ग परिवर्तन के कारण कई प्रमुख स्टेशनों जैसे कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, नरकटियागंज, बगहा, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, चकिया, मेहसी, सिसवा बाजार तथा पिपराईच आदि स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
रेलवे ने यह भी बताया कि कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से विलंब से चलाया जाएगा। इनमें रक्सौल-आनंद विहार एक्सप्रेस, आनंद विहार-रक्सौल एक्सप्रेस, दरभंगा-जालंधर सिटी एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा तथा भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे हेल्पलाइन, स्टेशन पूछताछ केंद्र या आधिकारिक पोर्टल से अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
रिपोर्टर: अतुल उपाध्याय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR