🔴 महराजगंज में डीजल की किल्लत से खेती-किसानी प्रभावित, किसान परेशान
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
महराजगंज। जनपद में इन दिनों डीजल की किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान की नर्सरी तैयार करने और खेतों की जुताई का महत्वपूर्ण समय होने के बावजूद पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
किसान सुबह से ही गैलन लेकर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर बीच में ही डीजल खत्म हो जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस संकट का सीधा असर खेतों की जुताई और सिंचाई पर पड़ रहा है। ट्रैक्टर चालकों को ईंधन न मिलने से खेतों की तैयारी प्रभावित हो रही है, वहीं डीजल पंपों से सिंचाई करने वाले किसानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समय पर खेत तैयार न होने से धान की बुवाई पिछड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि पहले ही बढ़ती डीजल कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी थी, अब किल्लत ने स्थिति और खराब कर दी है।
किसान रमेश ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती का पूरा काम प्रभावित हो रहा है। वहीं अन्य किसान रामआसरे, जीउत, रहमुल और सुखदेव रामपृत सहित कई लोगों ने भी अपनी चिंता जताई है।किसानों ने प्रशासन से जल्द डीजल आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR