बेलवा जंगल में महिला सशक्तिकरण हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
कुशीनगर।जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, कुशीनगर की टीम द्वारा सोमवार को विकास खण्ड पडरौना क्षेत्र के मुसहर बस्ती, बेलवा जंगल में महिला सशक्तिकरण को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने बस्ती की महिलाओं को एकत्रित कर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन, विशेष दत्तक ग्रहण इकाई एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।इसके साथ ही ग्राम सभा में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। टीम ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 एवं 102 (एम्बुलेंस सेवा)—के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर नलिन सिंह ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अपने बच्चों का बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR