कुबेरस्थान में मेधावी बच्चों का सम्मान, तंबाकू उन्मूलन पर चला जागरूकता अभियान
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
कुबेरस्थान/पडरौना। ग्राम पंचायत कोहरवलिया और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत भवन सभागार में मेधावी बच्चों के सम्मान समारोह एवं तंबाकू उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर के सचिव भुवन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अमरनाथ त्रिपाठी, महंथ राजकुमार गिरि, गौरव पाण्डेय (प्रबंधक, बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक), अजित शुक्ला (प्रधानाचार्य), डॉ. धीरज सिंह (स्वास्थ्य अधीक्षक), दुर्गा दयाल त्रिपाठी एवं प्रभुनाथ गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामवृक्ष गिरि ने किया।
मुख्य अतिथि भुवन ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सही मार्गदर्शन के अभाव में व्यक्ति अपने लक्ष्य से भटक जाता है। इसलिए प्रत्येक छात्र को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उचित मार्गदर्शक के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बच्चों से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों पर अपने विचार रखने को कहा, जिस पर सागर गुप्ता, प्रतिमा यादव और अन्नू मद्देशिया ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
डॉ. धीरज सिंह ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और इसके गंभीर जोखिमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, प्रधानाचार्य अजित शुक्ला ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति जिम्मेदार बनकर निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
अमरनाथ त्रिपाठी ने मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति की सराहना की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बैजनाथ सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों को प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR