विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के सिसवा बाजार क्षेत्र के विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के निधन के बाद उनके आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारी तेज हो गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू गांव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों का बारीकी से जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।

बताया जा रहा है कि बीते 24 अप्रैल को विधायक की पत्नी का निधन हो गया था। ऐसे में मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि आयोजन बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ