अफवाह ने ली हिंसक रूपः पनेवा नहर के पास युवक की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

अफवाह ने ली हिंसक रूपः पनेवा नहर के पास युवक की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद में बाइक चोरी की आशंका पर जुटी भीड़, युवक की गुहार के बावजूद जारी रही मारपीट; तमाशबीन बने रहे लोग

महराजगंज जिले के पनेवा नहर के पास गुरुवार को एक मामूली अफवाह ने गंभीर हिंसक घटना का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, किसी ने यह अफवाह फैला दी कि एक युवक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद देखते ही देखते दर्जनों युवाओं की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और बिना सच्चाई जाने युवक को घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ ने युवक से पूछताछ करने के बजाय सीधे उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान युवक लगातार अपनी बेगुनाही की गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को चारों तरफ से घेरकर पीटा जा रहा है और मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। यह दृश्य बेहद . दर्दनाक और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला है।

तमाशबीन बने रहे लोग

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद कई लोग बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग तो भीड़ को उकसाते हुए भी नजर आए, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ