सीसीटीवी, बीमा और प्राथमिक उपचार पेटी की जांच में चार वाहनों का चालान, 18 हजार जुर्माना
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नगर कस्बा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर स्कूल और कॉलेजों में संचालित वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान कई स्कूली वाहन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते मिले, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान स्कूली बसों की फिटनेस, बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र तथा प्राथमिक उपचार पेटी आदि की गहन जांच की गई। जांच के समय वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी गई। साथ ही सभी बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा पर्याप्त मात्रा में प्राथमिक उपचार पेटी और अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चार स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक स्कूली वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र न होने पर उसे सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR