एनएच-730 पर युवक का शव मिलने से सनसनी, सड़क हादसे की आशंका
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर भैंसहिया के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। फरेंदा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे रेलिंग से लटकी एक अपाचे बाइक देखी। बाइक की स्थिति संदिग्ध लगने पर लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान सड़क किनारे घनी झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसनिया गांव निवासी युवक के रूप में की है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई।
फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। युवक की बाइक सड़क किनारे रेलिंग से टकराई हुई मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद युवक झाड़ियों में जा गिरा होगा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR