अम्बेडकर प्रतिमा लगाने का मोहल्ला वासियों ने किया विरोध
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
गोरखपुर। विकासनगर विस्तार स्थित अमन पैथोलॉजी के पास स्थित पार्क में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाए जाने के प्रस्ताव को लेकर स्थानीय निवासियों का विरोध सामने आया है। सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त अजय जैन को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन पार्क का क्षेत्रफल लगभग 1000 से 1200 वर्ग मीटर ही है। पार्क परिसर में पहले से ट्रांसफार्मर स्थापित है तथा बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम भी लगाए जा चुके हैं, जिसके चलते खाली स्थान काफी कम बचा है।निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग पार्षद के समर्थन से बिना स्थानीय लोगों की सहमति के पार्क में प्रतिमा स्थापित करने के लिए नींव खोद रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पार्क में प्रतिमा स्थापित की जाती है तो आने वाले समय में पार्क की चौड़ाई और कम हो जाएगी, जिससे बच्चों के खेलने तथा लोगों के टहलने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचेगा।
मोहल्लावासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क की उपयोगिता और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस मामले में उचित निर्णय लिया जाए।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR