समुदाय को टीबी के प्रति किया जागरूक
संचारी रोगों से बचाव की दी गई जानकारी
फाइलेरिया मरीजों को दिया गया एमएमडीपी प्रशिक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, देवरिया।
पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गरीब पट्टी से संबद्ध आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार को पेसेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म (पीएसपी) के सहयोग से टीबी एवं संचारी रोग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही फाइलेरिया मरीजों के लिए एमएमडीपी (मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसएबिलिटी प्रिवेंशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समुदाय से आए लोगों को टीबी (क्षय रोग) सहित विभिन्न संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान टीबी से संबंधित वीडियो के माध्यम से लोगों को बीमारी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी गई।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर गरीब पट्टी में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के नेतृत्व में ग्राम प्रधान, एएनएम, शिक्षक, कोटेदार, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं फाइलेरिया मरीजों के सहयोग से पीएसपी का गठन किया गया है। इसी मंच के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एएनएम रीता यादव ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, भूख न लगना, लगातार बुखार रहना, बलगम में खून आना, कमजोरी महसूस होना या वजन कम होने जैसी समस्याएं हों तो उसे तुरंत टीबी की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि टीबी की जांच एवं उपचार सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से छह माह तक दवा का सेवन करने से टीबी का मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। टीबी के फैलने का प्रमुख कारण लोगों द्वारा शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से न लेना एवं समय पर जांच न कराना है।
कार्यक्रम में बुखार, खांसी, फाइलेरिया, मलेरिया, चिकनगुनिया, कालाजार एवं डेंगू जैसी संचारी बीमारियों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पानी पीने, खुले में शौच न करने, घर के आसपास पानी जमा न होने देने तथा भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान फाइलेरिया मरीजों को प्रभावित अंगों की साफ-सफाई एवं देखभाल के संबंध में एमएमडीपी प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्हें आवश्यक किट का वितरण भी किया गया।
जागरूकता शिविर में बीपीएम नागेंद्र मल्ल, डीसीजी सदस्य एवं ग्राम प्रधान नवल किशोर, फाइलेरिया मरीज पंचमी सिंह, सहयोगी संस्था सीफार के जिला प्रतिनिधि नीरज सहित पीएसपी सदस्य, शिक्षक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, फाइलेरिया मरीज एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR