आम तोड़ने से मना करने पर रिटायर्ड शिक्षक पर हमला

आम तोड़ने से मना करने पर रिटायर्ड शिक्षक पर हमला, घर में घुसकर मारपीट; आंख और शरीर पर गंभीर चोट

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

बरहज, देवरिया। थाना क्षेत्र के कपरवार नौकाटोला में आम तोड़ने से मना करना एक रिटायर्ड शिक्षक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान उनकी जेब से दुकान की बिक्री के करीब ढाई हजार रुपये भी निकाल लिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कपरवार नौकाटोला निवासी जयप्रकाश श्रीवास्तव प्राथमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनके घर के हाते में आम का पेड़ है, जिस पर फल लगे हुए हैं। गुरुवार शाम उनके घर के पीछे रहने वाले कुछ पड़ोसी कथित तौर पर आम तोड़ रहे थे। जब शिक्षक ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौज की।

पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद वह अपने घर में स्थित दुकान पर बैठे थे, तभी करीब चार से पांच लोग लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के शरीर और आंख पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनकी जेब से करीब 2500 रुपये भी निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि शिक्षक जयप्रकाश श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ घर पर अकेले रहते हैं। घटना की सूचना मिलने पर कपरवार पिकेट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भेजा। इसके बाद पीड़ित से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ