नौतनवां तहसील में अमनमणि त्रिपाठी का धरना, भूमाफिया मुद्दे पर सियासत तेज
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के नौतनवां तहसील परिसर में गुरुवार को पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी के धरने से सियासी माहौल गरमा गया। भूमाफिया, फर्जी रजिस्ट्री और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे जैसे गंभीर आरोपों को लेकर उन्होंने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संभावित विरोध और भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तहसील परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया, जहां भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
धरने के दौरान अमनमणि त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भूमाफिया सक्रिय हैं, जो फर्जी रजिस्ट्री और एग्रीमेंट के जरिए लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे बढ़ रहे हैं और आम लोगों का उत्पीड़न हो रहा है। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों में जल्द ही निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आमरण अनशन पर बैठने को बाध्य होंगे।
इस बीच हिंदू युवा वाहिनी (हियुवा) के जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमरमणि त्रिपाठी और अमनमणि त्रिपाठी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें पूर्वांचल का सबसे बड़ा भूमाफिया करार दिया। इस बयान के बाद नौतनवां की सियासत में तनातनी और बढ़ गई है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR