पुरैना चौराहे पर बस संचालन को लेकर विवाद, संचालक ने मारपीट और नकदी छीनने का लगाया आरोप


टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना चौराहे पर बस संचालन के समय को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। एक बस संचालक ने प्रतिद्वंद्वी बस संचालक और उसके साथियों पर यात्रियों के सामने मारपीट करने तथा टिकट बिक्री के रुपये छीन लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा निवासी दीपचंद विश्वकर्मा पुत्र रमायन विश्वकर्मा ने थाना घुघली में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के विशुनपुर भड़ेहर निवासी राहुल उपाध्याय पुत्र बच्चा उपाध्याय के साथ बस संचालन के समय को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है।

पीड़ित के अनुसार, राहुल उपाध्याय की बस नौरंगिया से सुबह 6:20 बजे संचालित होती है, जबकि उनकी बस का निर्धारित समय सुबह 7 बजे है। उनका आरोप है कि निर्धारित समय का पालन करने को लेकर आपत्ति जताने पर आरोपी ने पहले भी विवाद किया था तथा मनमर्जी से बस संचालन करने की बात कहते हुए धमकी दी थी।

तहरीर के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे उनकी बस पुरैना चौराहे पर यात्रियों को बैठाने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि जान बचाने के लिए भागने पर भी आरोपियों ने पीछा कर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

दीपचंद विश्वकर्मा ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान टिकट बिक्री के 5,200 रुपये भी छीन लिए गए। साथ ही आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि चौराहे पर उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी मुकदमे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ