बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, 15 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।
जनपद में संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बाढ़ बचाव को लेकर स्टीयरिंग ग्रुप कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग ने अवगत कराया कि वर्तमान में 11 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने अवर अभियंताओं को सक्रिय कर दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्वयं भी स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही।
जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी चौकियों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दूरभाष नंबरों को सक्रिय रखा जाए। साथ ही जल निकासी के लिए नालों की सफाई कार्यों को चिन्हित कर विभागवार सूची तैयार करने और उसकी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में सिंचाई विभाग द्वारा राजस्व, पूर्ति, चिकित्सा, पशुपालन, पंचायती राज, कृषि, विद्युत, लोक निर्माण एवं शिक्षा विभागों के बाढ़ के दौरान दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, बाढ़ खंड, संयुक्त मजिस्ट्रेट, जिला समन्वयक मनरेगा, जिला गन्ना अधिकारी, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR