“न्यायालय आपके द्वार” व जन चौपाल से ग्रामीणों को त्वरित राहत, 107 राजस्व वाद निस्तारित
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे “न्यायालय आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न गांवों में लगाए गए विशेष शिविरों में बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम गौरा बंगार, रायपुरा चकलाल, लवरछी व बरहज बांगर में आयोजित कैंपों में कुल 107 राजस्व वादों का निस्तारण कर वादकारियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
इसी क्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में ग्राम गौरा टोला कटइलवा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इस दौरान राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नाविकों को लाइफ जैकेट, बच्चों को पाठ्य पुस्तकें एवं जैविक दवाएं वितरित की गईं। साथ ही छूटे हुए पात्रों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
चौपाल में बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसकी सराहना की गई। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को बैग देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। “न्यायालय आपके द्वार” व जन चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के संकल्प के साथ जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने में जुटा है।
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR