राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने के डीएम ने दिए निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने के डीएम ने दिए निर्देश

राम जानकी मार्ग, देवरिया व सलेमपुर बाईपास समेत परियोजनाओं की समीक्षा, समय-सीमा में कार्य पूरा कराने पर जोर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा में बताया गया कि 598.92 करोड़ रुपये की लागत वाली राम जानकी मार्ग परियोजना का कार्य 4 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था। परियोजना को 3 मई 2027 तक पूरा किया जाना है। अब तक 60.25 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। इसके तहत जिले में 39.084 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


देवरिया बाईपास परियोजना की लागत 613 करोड़ रुपये है। मार्च 2025 में शुरू हुई इस परियोजना को जुलाई 2027 तक पूरा किया जाना है। अब तक 12.69 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। जिलाधिकारी ने कार्य की गति बढ़ाकर निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।

सलेमपुर बाईपास परियोजना 394 करोड़ रुपये की लागत से 11 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी। इसकी पूर्णता तिथि 10 नवंबर 2027 निर्धारित है। परियोजना में अब तक 38 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। डीएम ने शेष कार्य को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

नवलपुर-सिकंदरपुर बाईपास परियोजना 613 करोड़ रुपये की लागत से 2 दिसंबर 2025 को शुरू हुई थी। इसकी पूर्णता तिथि जून 2028 निर्धारित है। परियोजना में अब तक 44.52 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। जिलाधिकारी ने अवशेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।

तमकुहीराज-मझौलीराज सड़क परियोजना 192.27 करोड़ रुपये की लागत से संचालित है। इसमें अब तक 81.10 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने एनएचएआई से जुड़े अधिकारियों को नियमित निगरानी और आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं।

बैठक में नवागत मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ