विशेष शिविर में 19 गर्भवतियों की जांच, तीन में हीमोग्लोबिन कम मिला

विशेष शिविर में 19 गर्भवतियों की जांच, तीन में हीमोग्लोबिन कम मिला
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। पथरदेवा ब्लॉक के रामपुर महुआबारी में रविवार को आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में 19 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवतियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और वजन समेत जरूरी स्वास्थ्य मानकों की जांच की। जांच के दौरान तीन गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन 9 ग्राम से कम पाया गया, जिन्हें आयरन सुक्रोज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुलाया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात रंजन की मौजूदगी में लगे शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं पहुंचीं। जांच के बाद महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम और विटामिन की दवाएं भी दी गईं। सभी गर्भवतियों के एमसीपी कार्ड पर स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सूचनाएं दर्ज की गईं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक और संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन करने की जानकारी दी। किसी तरह की परेशानी या असामान्य लक्षण सामने आने पर तत्काल स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
शिविर में बीपीएम नागेंद्र मल्ल, बीसीपीएम आशुतोष त्रिपाठी, आरबीएसके चिकित्सक, एचएस, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ