सीएचसी और थाने का औचक निरीक्षण, डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था की परखी स्थिति
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
सीएचसी भटनी में जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर मरीजों के उपचार, चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा समय से उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, चिकित्सा उपकरणों को क्रियाशील बनाए रखने और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी और मरीजों को उपचार के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने थाना भटनी का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और थाने के कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। एक ही दिन स्वास्थ्य केंद्र और थाने के औचक निरीक्षण से जिलाधिकारी ने साफ संकेत दिया कि जनसुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR