उप्र आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो और पोर्टल का शुभारंभ
देवरिया में कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, करीब 500 आउटसोर्स कर्मियों ने लिया हिस्सा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को शासन द्वारा न्यूनतम पारिश्रमिक सुनिश्चित कराने के साथ नियमानुसार कटौती एवं अन्य सेवा शर्तों का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो और पोर्टल का शुभारंभ किया गया। लोक भवन स्थित प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नगर पालिका परिषद, देवरिया के टाउनहाल स्थित प्रेक्षागृह में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका परिषद देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के करीब 500 आउटसोर्स कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से शासन द्वारा निर्धारित बढ़ा हुआ पारिश्रमिक, ईपीएफ एवं ईएसआईसी की नियमानुसार कटौती, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण और प्रशिक्षण सहित श्रम विभाग द्वारा संचालित बीओसीडब्ल्यू जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी विभिन्न सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। निगम के गठन से उन्हें न्यूनतम पारिश्रमिक, ईपीएफ-ईएसआईसी सहित अन्य सेवा सुविधाओं का लाभ पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से मिल सकेगा। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आने के साथ कर्मियों के हितों का भी संरक्षण होगा।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सेवा शर्तों और सुविधाओं को बेहतर बनाने की यह पहल सराहनीय है। इससे कर्मियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के सभासद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रेम नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR