आपूर्ति, खाद्य विपणन समेत संबंधित विभागों की समीक्षा,

आपूर्ति, खाद्य विपणन समेत संबंधित विभागों की समीक्षा, लापरवाही पर खाद्य निरीक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश

डीएम ने फार्मर आईडी अभियान में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने को कहा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आपूर्ति, खाद्य विपणन, मंडी समिति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहकारिता, बाट-माप विभाग एवं आईजीआरएस से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खाद्य निरीक्षकों के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने फार्मर आईडी निर्माण अभियान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनवाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो।


आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिक्त उचित दर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने तथा आपूर्ति से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।

जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के प्रत्येक विकासखंड में 7, 9, 17, 22 एवं 26 सितंबर को शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड बनाए जाएं।

खाद्य विपणन एवं डिप्टी आरएमओ से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खाद्यान्न के उठान एवं वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडी समिति को किसानों से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन कराने को कहा।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहकारिता तथा बाट-माप विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा आमजन से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।


आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनशिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राम शंकर, जिला पूर्ति अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, सचिव मंडी समिति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहकारिता, बाट-माप विभाग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर:ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ