टेंट हाउस पर कहासुनी के बाद रास्ते में घेरकर मारपीट का आरोप

टेंट हाउस पर कहासुनी के बाद रास्ते में घेरकर मारपीट का आरोप

मोबाइल छीनकर जमीन पर पटकने, जातिसूचक अपशब्द और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग निवासी यशपाल कन्नौजिया ने गांव के ही एक दंपती पर मारपीट, जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करने, मोबाइल क्षतिग्रस्त करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, 14 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे यशपाल गांव स्थित सागर टेंट हाउस पर टेंट बुकिंग के संबंध में पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक दंपती वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।


यशपाल का आरोप है कि घटना की सूचना देने के लिए वह सिसवा मुंशी पुलिस चौकी जा रहे थे। रास्ते में दोनों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और दोबारा मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।

पीड़ित ने मारपीट के दौरान जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदानवाला

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ