परफार्मेंस ग्रांट की हकीकत जांचने छह ग्राम पंचायतों में पहुंची टीम

परफार्मेंस ग्रांट की हकीकत जांचने छह ग्राम पंचायतों में पहुंची टीम

मौके पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से लेकर अभिलेखों तक की पड़ताल, कमियां मिलने पर दिए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। परफार्मेंस ग्रांट के तहत ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति परखने के लिए बुधवार को जांच टीम ने परतावल विकासखंड की छह ग्राम पंचायतों में स्थलीय सत्यापन किया। टीम ने निर्माण एवं विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण करने के साथ ही अभिलेखों में दर्ज विवरण से उसका मिलान किया।

जांच के दौरान सेमरा चंदरौली, छपिया, कम्हरिया, रामपुर चकिया, पिपरा लाला और तरकुलवा तिवारी ग्राम पंचायतों में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की पड़ताल की गई। टीम ने यह भी देखा कि अभिलेखों में दर्ज कार्य धरातल पर किस स्थिति में हैं और निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया गया है या नहीं।

निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता, मौजूदा स्थिति और निर्माण के स्वरूप की बारीकी से जांच की गई। जहां कुछ कार्यों में सुधार की आवश्यकता मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


टीम ने ग्राम पंचायतों में उपलब्ध अभिलेखों और मौके पर कराए गए कार्यों के बीच सामंजस्य की भी जांच की। जांचकर्ता महेश जायसवाल और अंकित मिश्रा ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों का सत्यापन किया।

जांच टीम द्वारा संकलित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदानवाला

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ