शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : मनीष जायसवाल
उत्कृष्ट शिक्षकों को विधायक और बीज विकास निगम उपाध्यक्ष ने किया सम्मानित
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय शिक्षक दिवस एवं शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के 14 विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सदर विधायक मनीष जायसवाल और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ ही उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करता है।
जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि सही निर्णय लेने और बेहतर नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान की सराहना की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने अतिथियों, अधिकारियों और शिक्षकगण के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन शिक्षकों को मिला सम्मान
बेसिक शिक्षा विभाग से कप्तानगंज के संजीव कुमार गोंड, तमकुही के अवधेश वर्मा, सेवरही के नवीन कुमार, सुकरौली की माला सिंह, मोतीचक के दीपेश सिंह, फाजिलनगर की प्रियंका राय, पडरौना की सबाना परवीन, विशुनपुरा के डॉ. अनिरुद्ध मौर्य, कसया के महेश कर्णधार, दुदही के मुकेश यादव, हाटा के शाबिर सिद्दीकी, खड्डा के अभिसिप्ट कुमार, नेबुआ नौरंगिया के धर्मेंद्र कुमार तथा रामकोला के मंगलदीप कनौजिया को सम्मानित किया गया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग से पडरौना के राम स्वरूप गुप्ता, राजेश यादव एवं विनय पांडेय, तमकुही के गिरधर मौर्य, खड्डा के ऊदल कुमार, विशुनपुरा के शैलेन्द्र कुमार तथा सेवरही के विजय शंकर शुक्ला को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी पडरौना सुरेंद्र बहादुर सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नारायण पांडेय ने किया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR