पुलिस लाइन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

पुलिस लाइन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन महराजगंज में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों में पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा।


जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जनपदवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

मध्यरात्रि में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष

मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही पुलिस लाइन परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाल स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना और आरती में सहभागिता की। पुलिसकर्मियों के परिवारों की महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।


कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और श्रीमद्भगवद्गीता के कर्मयोग संदेश को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, कर्तव्य, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

थाना कोल्हुई में भव्य झांकी और भंडारा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर थाना कोल्हुई परिसर में भी थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में भव्य श्रीकृष्ण झांकी और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

जन्मोत्सव के बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे थाना परिसर में ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजते रहे।

पुलिस लाइन और थाना कोल्हुई में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। दोनों स्थानों पर श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।




रिपोर्टर: सतीश श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ