जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
खड्डा में सम्पूर्ण समाधान दिवस, 62 प्रकरण आए, सात का मौके पर निस्तारण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। तहसील खड्डा सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों का आवश्यकता के अनुसार स्थलीय सत्यापन कर पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। राजस्व, पुलिस और विकास से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घायल लेखपाल के उपचार के लिए तत्काल दिए निर्देश
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी की संवेदनशीलता भी देखने को मिली। तमकुहीराज तहसील में तैनात लेखपाल शम्भू कुमार के फाजिलनगर में मार्ग दुर्घटना में घायल होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी और सदर उप जिलाधिकारी से फोन पर बात कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लेखपाल के परिजनों को आश्वस्त किया कि घायल को जिस अस्पताल में बेहतर उपचार संभव हो, वहां तत्काल भर्ती कराया जाए। उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। लेखपाल संघ खड्डा ने भी जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया।
62 शिकायतों में सात का मौके पर निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 55 प्रकरण संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजे गए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 18, पुलिस के नौ, पुलिस एवं राजस्व के संयुक्त चार, विकास विभाग के सात तथा अन्य विभागों के 24 प्रकरण शामिल रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने भूमि विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खड्डा, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी खड्डा, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR