शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षक, एआरपी, एसआरजी व डायट मेंटर्स सम्मानित
डायट रामपुर कारखाना में हुआ जनपद स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का देखा गया सजीव प्रसारण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रामपुर कारखाना में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया मौजूद रहे। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में भी अहम योगदान देते हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और प्रयासों की सराहना करते हुए सम्मानित शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों को बधाई दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे शिल्पकार हैं। नवाचारी शिक्षकों के प्रयासों और नवाचारों से परिषदीय विद्यालयों के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
समारोह में विभिन्न विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शिक्षिकाएं, एआरपी, एसआरजी और डायट मेंटर्स को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र, सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने कहा कि समर्पित शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और जिज्ञासा का विकास करते हैं। उन्होंने नवाचारी शिक्षकों, एआरपी, एसआरजी और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता कुलदीप नारायण सिंह, इंद्रजीत ओझा, खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार ओझा, जिला समन्वयक आशुतोष शुक्ला, गोरख यादव और महेंद्र मिश्र सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. पंकज शुक्ला एवं आलोक पाण्डेय ने किया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR