सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का शुभारंभ
सांसद व विधायकों ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, मरीजों में बांटे फल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को मेडिकल कॉलेज/जिला संयुक्त चिकित्सालय, पडरौना में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे और पडरौना विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष जायसवाल ने किया। जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ स्वैच्छिक रक्तदान किया। सांसद और विधायक ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना से जोड़ना है।
इस दौरान सांसद विजय कुमार दुबे और विधायक मनीष जायसवाल ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित किए। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सीएचसी खड्डा में विधायक विवेकानंद पांडेय ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछा तथा फल वितरित किए। वहीं सीएचसी हाटा में विधायक मोहन वर्मा ने मरीजों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और फल बांटे। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ‘जन सेवा से देश सेवा’ की भावना से आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR