कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम

कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम

प्रभात फेरी, रैली, रंगोली और रचनात्मक गतिविधियों से दिया विकसित भारत 2047 का संदेश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा से देश सेवा’ के प्रथम दिवस पर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सहभागिता से जागरूकता और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।

अभियान के तहत छात्राओं ने प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकालकर जनसेवा, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा विकसित भारत से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए। विद्यालय परिसरों में रंगोली प्रतियोगिता के साथ पोस्टर, निबंध लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सेवरही स्थित लोकमान्य इंटरमीडिएट कॉलेज, जानकी नगर में भी ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर पोस्टर और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। कार्यक्रम प्रधानाचार्य सुनील कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ।


आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। छात्राओं और विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ