डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

लापरवाही पर एमओआईसी भटनी का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचने के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

कार्य में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने एमओआईसी भटनी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने को कहा।


डीएम ने बीएचएसएनडी सत्रों का प्रभावी संचालन और निर्धारित रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गांवों में नियमित गृह भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं के प्रति जागरूक करने को कहा।

उन्होंने जनपद में होने वाली प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का अनिवार्य रूप से ऑडिट कराने और कारणों व कमियों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान का भी समयबद्ध निस्तारण कराने को कहा।

बीएचएसएनडी सत्रों के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस माह किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर उपकरणों की कमी नहीं होनी चाहिए। कमी मिलने पर संबंधित एमओआईसी और खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


जिलाधिकारी ने आभा आईडी जनरेशन में तेजी लाने के साथ जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम समेत सभी स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ