राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक राजेश उपाध्याय सम्मानित

राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक राजेश उपाध्याय सम्मानित

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने शॉल व सरस्वती प्रतिमा भेंट कर दी बधाई

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगांव, घुघली के सहायक अध्यापक राजेश कुमार उपाध्याय को बुधवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शॉल एवं सरस्वती प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने उनकी सेवाओं और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है कि राजेश कुमार उपाध्याय का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए हुआ है। यह सम्मान उनके नवोन्मेषी प्रयासों, अथक परिश्रम और विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनकी उपलब्धि जिले के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है।

राजेश कुमार उपाध्याय की नियुक्ति वर्ष 1992 में प्राथमिक विद्यालय बड़हरा, घुघली में हुई थी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और समानता को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय के विकास के लिए लगातार प्रयास किए। वर्ष 1993 में अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए गणवेश की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।


वर्ष 2003 में पदोन्नति के बाद उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौमुखा में कार्यभार संभाला। वर्ष 2004 से 2010 तक संकुल प्रभारी के रूप में उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नामांकन और विद्यार्थियों के ठहराव पर विशेष ध्यान दिया।

वर्ष 2011 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगांव में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यभार संभालने के समय विद्यालय में केवल 34 विद्यार्थी थे। अभिभावकों से निरंतर संपर्क, नियमित कक्षा शिक्षण, गृहकार्य और उसकी जांच जैसे प्रयासों से छात्र संख्या बढ़कर 130 तक पहुंच गई।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उन्होंने विद्यालय समय से पहले और बाद में विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग भी दी। इसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में सफलता हासिल की। विज्ञान के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों की रुचि विकसित की गई। वर्ष 2023-24 और 2024-25 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

शिक्षा के साथ खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए भी श्री उपाध्याय ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। विद्यालय के छात्रों ने विभिन्न वर्षों में जनपद स्तर पर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल कर मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।

कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने विभागीय निर्देशों के अनुरूप घर-घर जाकर बच्चों को शिक्षा प्रदान की।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने भी राजेश कुमार उपाध्याय के शिक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए उनका चयन जिले के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ