डीएम ने की सोशल सेक्टर की योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश
पेंशन व जियो-प्रॉपर्टी के लिए 10, 17, 24, 26 और 28 सितंबर को लगेंगे कैंप, छात्रवृत्ति के लिए भी विशेष शिविर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील एवं विकासखंड स्तर पर नियमित कैंप आयोजित कर पात्र लोगों को पेंशन सहित अन्य योजनाओं से जोड़ने को कहा। उन्होंने तहसीलवार नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विकासखंडों में पेंशन योजनाओं की प्रगति कम है, वहां विशेष कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए।
जियो-प्रॉपर्टी से संबंधित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर लाभ दिलाने के लिए 10, 17, 24, 26 और 28 सितंबर को कैंप आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सितंबर माह में दो तहसीलों में आयोजन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र जोड़ों का समय से चिन्हांकन और पंजीकरण कराने को कहा।
छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति के लिए 5, 11, 15, 18, 22, 25 और 29 सितंबर को कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को शादी अनुदान योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड से 60-60 पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता और आवेदन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने पर जोर दिया।
आश्रम पद्धति विद्यालय की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्यालय में 78 और छात्रों को जोड़ने के निर्देश दिए। इसके अलावा सोशल सेक्टर से संबंधित निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रभारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR