कुशीनगर में आज राज्य स्तरीय भूकंप, रासायनिक और अग्नि सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज
चार तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों पर होगा अभ्यास, तैयारियों का लिया गया जायजा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 18 सितंबर को जिले में राज्य स्तरीय भूकंप, रासायनिक और अग्नि सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।
राज्य स्तरीय यह अभ्यास प्रदेश के 34 जिलों की 157 तहसीलों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। कुशीनगर की पडरौना, कसया, हाटा और कप्तानगंज तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के आधार पर मॉक अभ्यास कराया जाएगा।
पडरौना तहसील के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भूकंप से स्कूल सुरक्षा, हाटा तहसील परिसर में कार्यालय अग्नि सुरक्षा, कसया के सीएचसी सपहां में फील्ड अस्पताल की स्थापना तथा रामकोला स्थित त्रिवेणी शुगर कंपनी लिमिटेड में औद्योगिक रासायनिक आपदा के तहत ऑन-साइट और ऑफ-साइट रिस्पॉन्स का अभ्यास किया जाएगा।
तैयारियों के क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पडरौना स्थित मॉक ड्रिल स्थल का अधिकारियों और एसडीआरएफ टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने चिन्हित स्थानों और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का समन्वित ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
मॉक एक्सरसाइज सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इसमें स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पुलिस, अग्निशमन, विद्युत, राजस्व, होमगार्ड, आपदा मित्र, नागरिक सुरक्षा, पीआरडी, एनसीसी और स्काउट-गाइड सहित विभिन्न विभागों की टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ हिस्सा लेंगी।
अभ्यास के दौरान चिन्हित स्थलों पर मेडिकल कैंप, राहत शिविर, इंसिडेंट कमांड पोस्ट और स्टेजिंग एरिया बनाए जाएंगे। खोज एवं बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, राहत व्यवस्था, संचार और विभागीय समन्वय का व्यावहारिक अभ्यास किया जाएगा।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र कलेक्ट्रेट परिसर से राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ा रहेगा। इससे अभ्यास के दौरान सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और राज्य एवं जिला स्तर पर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 05564-240590 है। आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR