आसमान से दिखा रोशनी में नहाया देवरिया, दीपों से जगमगाए प्रमुख स्थल
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार की शाम देवरिया में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जब शाम सात बजे एक साथ दीप जले तो शहर से लेकर गांव तक रोशनी से जगमगा उठे। घरों और प्रतिष्ठानों के साथ प्रमुख विकास स्थलों पर जलाए गए दीपों का यह नजारा जमीन से ही नहीं, बल्कि आसमान से भी बेहद आकर्षक दिखाई दिया।
ड्रोन कैमरे में कैद हुआ रोशनी से सजा देवरिया का यह नजारा देखते ही बन रहा था। पद्मावती (परमार्थी) पोखरा पर एक साथ जलते दीपों की कतारें और आसपास की रोशनी ने पूरे परिसर को अलग ही रूप दे दिया। न्यू कॉलोनी स्थित बड़ा पार्क समेत अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे रात के अंधेरे में ये स्थल रोशनी के केंद्र के रूप में नजर आए।
कार्यक्रम के तहत केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों और आमजन ने अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों में दीप जलाए। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों, चिकित्सा संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, तीर्थस्थलों, आवासीय परियोजनाओं तथा नगर निकायों और ग्राम पंचायतों की ओर से कराए गए प्रमुख विकास कार्यों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।
पद्मावती पोखरा पर सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित संबंधित अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किए। शाम सात बजे अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दीप जलने से जिले में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
जमीन से देखने पर दीपों की कतारें खूबसूरत थीं, लेकिन ड्रोन कैमरे की ऊंचाई से पूरा दृश्य किसी रोशन नक्शे की तरह नजर आया। यही वजह रही कि ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के दृश्य ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
🎥 ड्रोन कैमरे से देखिए—दीपों की रोशनी में कैसा नजर आया देवरिया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR