डीएम ने स्वच्छता, पर्यावरण और विकास कार्यों की समीक्षा की,

डीएम ने स्वच्छता, पर्यावरण और विकास कार्यों की समीक्षा की, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

आईजीआरएस के लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला वन एवं पर्यावरण समिति के साथ विकास कार्यों, पशुपालन विभाग और आईजीआरएस की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा स्वच्छता से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं, आईटीआई के प्रधानाचार्य के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग का कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

विकास कार्यों की समीक्षा में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और कम प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने को कहा।


बैतालपुर विकासखंड की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। पंचायत भवन निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं, बैतालपुर के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि सीएससी की धनराशि जमा नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित पंचायत सहायकों के वेतन से उसकी वसूली की जाएगी।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य, विभागीय योजनाओं और पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने पात्र पशुपालकों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से किया जाए। शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले, यह सुनिश्चित करने के साथ लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं और कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में सुधार लाएं। जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ