बदहाल मोहन सेतु को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन


जुमला नहीं जवाब चाहिए, वादा नहीं विकास चाहिए’—रविप्रताप सिंह

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

बरहज/देवरिया। निर्माणाधीन मोहन सेतु की बदहाल स्थिति और बरहज के विकास से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह ने शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को नगर स्थित चुनाव कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर ऐलान किया कि शनिवार, 29 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर बरहज की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।


रविप्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर और दक्षिण क्षेत्र की जनता के आवागमन और विकास के लिए मील का पत्थर माने जाने वाला निर्माणाधीन मोहन सेतु लंबे समय से बदहाली का शिकार है। जनता इसकी राह देखते-देखते परेशान है, लेकिन प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित पहल नहीं दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान रखने वाला बरहज आज विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर बरहज की जनता के साथ विकास के नाम पर अन्याय करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बरहज की जनता रेलवे विस्तार की बाट जोह रही है, जबकि नगर में स्थायी बस अड्डे की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को बसों के इंतजार में परेशान होना पड़ता है। वहीं, सोनूघाट से बरहज को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी जर्जर हालत में है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रविप्रताप सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जुमला नहीं जवाब चाहिए, वादा नहीं विकास चाहिए।” उन्होंने कहा कि मोहन सेतु की स्थिति भाजपा सरकार की उपेक्षा को दर्शाती है और अब कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर शासन तक आवाज उठाएगी।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपकर मोहन सेतु निर्माण समेत बरहज की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष का बिगुल बज चुका है और जरूरतमंद जनता के साथ कांग्रेस आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।



रिपोर्ट पवन कुमार पाण्डेय 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ