खेत में दौड़ रहा था मौत का करंट, तार की चपेट में आकर महिला की मौत
दैनिक नित्यक्रिया के लिए निकली थी घर से, खेत के पास पहुंचते ही हुआ हादसा; परिवार में मचा कोहराम
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के रजौड़ा पंजूम गांव के बच्चा टोले में सोमवार सुबह खेत में लगी तार की बाड़ में कथित रूप से प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज थाना क्षेत्र के धूबौली गांव निवासी लक्ष्मण सिंह की पत्नी शीला इन दिनों अपने मायके रजौड़ा पंजूम आई हुई थीं। सोमवार सुबह वह दैनिक नित्यक्रिया के लिए घर से बाहर निकली थीं। बताया जा रहा है कि एक किसान ने फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर तार की बाड़ लगा रखी थी। आरोप है कि इस तार में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था।
खेत के पास पहुंचते ही शीला तार की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शीला के दो बेटे सत्यम (20) और शिवम (17) हैं, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। उनके पति लक्ष्मण सिंह मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए।
पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि करंट की चपेट में आने से महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR