बनारस स्टेशन पर पेयजल गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण
मंडल रेल प्रबंधक ने पेयजल टंकियों और आपूर्ति व्यवस्था का लिया जायजा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
वाराणसी। रेल यात्रियों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार को बनारस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर पेयजल की गुणवत्ता, स्वच्छता और रख-रखाव की व्यवस्था का जायजा लिया।रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार स्टेशनों पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित एकीकृत पेयजल गुणवत्ता प्रोटोकॉल के तहत नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई। क्लोरीन की मात्रा के साथ-साथ ई-कोलाई और कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की जांच के लिए कोलीफॉर्म जांच किट से पेयजल के नमूनों का परीक्षण कराया गया। उन्होंने अधिकारियों से पेयजल की नियमित जांच, निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीनीकरण और जांच रिपोर्ट के समुचित रख-रखाव की जानकारी ली।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में स्थित पेयजल टंकियों और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टंकियों की आंतरिक और बाहरी स्वच्छता, ढक्कन की स्थिति, आसपास की साफ-सफाई तथा पेयजल आपूर्ति से जुड़े उपकरणों के रख-रखाव का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेयजल टंकियों की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित सफाई और कीटाणुशोधन कराया जाए। साथ ही क्लोरीनीकरण की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
आशीष जैन ने स्टेशन पर उपलब्ध सभी पेयजल स्रोतों और टंकियों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल रेल यात्रियों की मूलभूत आवश्यकता है। इसलिए पेयजल की उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल गुणवत्ता से संबंधित निर्धारित प्रोटोकॉल और मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR