तिरंगे के साथ गूंजा शिकारपुर, ‘भारत माता की जय’ से देशभक्ति का जोश

तिरंगे के साथ गूंजा शिकारपुर, ‘भारत माता की जय’ से देशभक्ति का जोश

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय गौड़ के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत मंगलवार को शिकारपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यात्रा में हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय गौड़ के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा शिकारपुर कोटही माता मंदिर परिसर से शुरू होकर शिकारपुर घुघली मोड़ तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा, पोस्टर एवं बैनर लेकर प्रतिभाग किया। रास्तेभर देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बलराम दुबे ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देना तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करती हैं।

यात्रा के दौरान देशभक्ति से जुड़े नारों ने लोगों को आकर्षित किया। तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस चौकी शिकारपुर के पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली।

कार्यक्रम में ओमप्रकाश पाण्डेय, अजय पटेल, सत्यम चौबे, रामाज्ञा यादव, विनोद प्रजापति, मोती जायसवाल, शन्नी गौड़ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ