विधायक पी.एन. पाठक के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा कसया

विधायक पी.एन. पाठक के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा कसया

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है : पी.एन. पाठक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। मंगलवार को कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक के नेतृत्व में कसया नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा राम-जानकी मठ मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान विधायक पी.एन. पाठक ने नगर में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शहीद अमिय त्रिपाठी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से हमें राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।

यात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, राजेश मद्धेशिया, राज, पुष्कर दुबे, आदित्य मिश्रा, विकास, शैलेंद्र सिंह, सभासद सूर्यनाथ यादव, राकेश, अनूप, ओमप्रकाश जायसवाल, कृष्ण जायसवाल, आद्या पांडेय समेत हजारों लोग मौजूद रहे।



रिपोर्टर: के.एन. राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ