शुक्रवार तक बस चलाने के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त

शुक्रवार तक बस चलाने के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महेंद्रनाथ, देवरिया। सोमवार को कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बरहज तहसील क्षेत्र के महेंद्रनाथ बाबा स्थान पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महेन से गोरखपुर तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस सेवा पुनः शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से महेन से गोरखपुर तक संचालित बस सेवा बंद होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बहाल कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे अनशन करने के लिए मजबूर होंगे।


ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रविप्रताप सिंह ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से फोन पर वार्ता कर बस सेवा शुरू कराने का आग्रह किया। परिवहन मंत्री ने ग्रामीणों की मांग को देखते हुए शुक्रवार तक महेन से गोरखपुर के बीच बस सेवा शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद रविप्रताप सिंह ने ग्रामीणों के साथ धरना समाप्त कर दिया।

रविप्रताप सिंह ने कहा कि महेंद्रनाथ बाबा के पवित्र स्थल के प्रति आस्था रखते हुए तथा परिवहन मंत्री के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुक्रवार तक बस सेवा शुरू हो जाएगी।

धरने के दौरान बृजेश सिंह, शिवसेना उद्धव गुट के कार्यकर्ता कैलाश शर्मा, डॉ. धनंजय सिंह, बलवंत यादव, अनिल गोस्वामी (मंदिर प्रबंधक), जयप्रकाश गोस्वामी, जनार्दन, वशिष्ठ, मुरारी, दिवाकर मद्देशिया, सुभाष मद्देशिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ