किसान संगठनों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर उत्तर प्रदेश किसान सभा देवरिया, अखिल भारतीय किसान सभा, उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन, भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट तथा अखिल भारतीय किसान महासभा के संयुक्त तत्वावधान में किसानों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
आनंद प्रकाश चौरसिया (प्रदेश सचिव, उत्तर प्रदेश किसान सभा), साधुशरण चौरसिया (प्रदेश संयुक्त सचिव, अखिल भारतीय किसान सभा संबद्ध सीपीएम), कमला यादव (जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश किसान सभा संबद्ध सीपीआई), रमाशंकर गुप्ता (जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय किसान सभा संबद्ध सीपीएम), कामरेड सतीश (प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन संबद्ध सीपीएम), गिरीश नारायण शाही (जिलाध्यक्ष, भाकियू टिकैत गुट देवरिया) तथा शिवाजी राय (प्रदेश उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय किसान महासभा संबद्ध सीपीआईएमएल) के संयुक्त नेतृत्व में किसान एवं कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका-भारत व्यापार समझौता रद्द करने, सभी फसलों की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी देने, किसानों के ऋण माफ करने, जबरन भूमि अधिग्रहण बंद करने, श्रम संहिता के चारों प्रावधानों एवं बिजली के निजीकरण को निरस्त करने तथा सभी श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये निर्धारित करने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।
धरना प्रदर्शन के बाद किसान एवं कार्यकर्ता जुलूस के रूप में सुभाष चौक से सिविल लाइन रोड होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष गिरफ्तारी देकर जेल भेजने का आग्रह भी किया।
किसान नेताओं ने कहा कि किसानों और श्रमिकों की मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR