स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण एवं भव्य रूप से मनाने की तैयारियां तेज
अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को हर्षोल्लास, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाए जाने की तैयारियों को लेकर सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को सुबह पांच बजे से जनपद के सभी मंदिरों, मस्जिदों और गुरुद्वारों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएं। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों एवं मलिन बस्तियों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जनपद में स्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर सुबह आठ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने सरकारी भवनों पर एक दिन पूर्व से आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ध्वजारोहण के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किए जाने के संबंध में संबंधित तहसीलदारों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्टेडियम में क्रॉस-कंट्री दौड़ का आयोजन होगा। अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे, जबकि पडरौना स्थित गांधी पार्क में शाम को देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जिला प्रतिनिधि ने सेवरही स्थित शहीद स्मारक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि उक्त शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 11 शहीदों के नाम अंकित हैं। उन्होंने मांग की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है। इसलिए सभी कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे भव्य और यादगार बनाया जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित सभी संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR