आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा की मासिक बैठक संपन्न
हर बूथ को मजबूत कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना होगा : अवधेश चौधरी
सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराएं : कनक लता
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज। आगामी विधानसभा चुनाव और सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर रविवार को नगरपालिका स्थित डाक बंगले पर समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर यादव ने की।बैठक को संबोधित करते हुए सपा के जिला उपाध्यक्ष अवधेश चौधरी ने कहा कि देश का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुका है। नौजवान अपने अधिकारों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश का किसान, मजदूर, नौजवान समेत हर वर्ग महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी समाजवादी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना होगा।इसी क्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद कनक लता सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ को मजबूत करने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की शिक्षा नीति को लेकर युवाओं में असंतोष है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों पर पुलिस की कार्रवाई उचित नहीं है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब समय आ गया है कि सभी लोग घर-घर जाकर जनता को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराएं। जनता के सहयोग से उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को हटाकर समाजवादी विचारधारा की सरकार बनाने के लिए संगठन को मजबूती से कार्य करना होगा।
मासिक बैठक को गेनालाल यादव, स्वामीनाथ यादव, मुरली मनोहर जायसवाल, जयप्रकाश सिंह, रामविलास प्रजापति, गजानंद विश्वकर्मा, वीरेंद्र चौधरी, आजम शेख, गोपी यादव और विवेक भास्कर सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान वीरेंद्र गुप्ता, संतोष यादव, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR